चिकु जन जोश:-
1 अगस्त 2023 को कोबरा 205 बटालियन ने धूमधाम से अपना 15 वा स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर सांस्कृतिक संध्या पर मुख्य अतिथि के तौर पर सीआरपीएफ के उपमहानिरीक्षक विमल कुमार बिष्ट उपस्थित हुए। 205 कोबरा के कमांडेंट श्री कैलाश, गया के एसएससी आशीष भारती, कोबरा 203 के कमांडेंट पवन कुमार
एवं 159 वीं बटालियन सीआरपीएफ के अधिकारी कुमार मयंक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या का उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद सीआरपीएफ के उप महानिरीक्षक विमल कुमार बिष्ट ने बताया कि 205 कोबरा बटालियन के प्रांगण में धूमधाम से बटालियन का 15 वां स्थापना दिवस मनाया गया।
स्थापना के 14 गौरवशाली वर्ष पूरे कर चुकी इस बटालियन का इतिहास और और साहस अनगिनत गाथाओं से भरा रहा है। राष्ट्र की रक्षा प्राण प्रिय से समर्पित,इस बटालियन के रणबांकुरों ने कई बार कर्तव्य पथ पर चलकर अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। विगत 14 वर्षों से बिहार झारखंड तथा गया और औरंगाबाद जिले के सीमावर्ती इलाके में तैनात रहकर इस बटालियन ने नक्सल गतिविधियों पर नकेल कसी है।लोकतांत्रिक मूल्यों को अक्षुण रखने में अग्रिम भूमिका निभाई है। गया के एसएसपी आशीष भारती ने बताया कि गया और औरंगाबाद के सीमावर्ती इलाके के चक्रबंदा जंगल में नक्सलियों का खौफ कभी जनता के सर चढ़कर बोला करता था।
लेकिन 205 कोबरा की तैनाती के बाद से कानून व्यवस्था में लोगों के विश्वास मजबूत हुआ है।पिछले 1 वर्ष में निरंतर अभियान चलाकर कोबरा के बहादुर जवानों ने नक्सलियों के नाक में पूरी तरह से नकेल डाल दी है। इस क्रम में उल्लेखनीय है कि चक्रबंदा के जंगलों में नक्सलियों ने बड़ी मात्रा में बारूदी सुरंगे बिछा रखी है।इसी वजह से सुरक्षा बलों को खास करके 205 कोबरा को काफी क्षति पहुंची है। परंतु इसके बाद भी अपनी चट्टानी हौसलों की आंधी से 205 कोबरा ने अपने अभियान को जारी रखा।
इन बहादुर जवानों के अथक प्रयासों की वजह से कई दुर्दांत नक्सलियों को आत्मसमर्पण करने के लिए मजबूर होना पड़ा है और अपने प्राणों से हाथ भी धोना पड़ा है। 205 बटालियन के कमांडेंट श्री कैलाश ने बताया कि 205 कोबरा बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के सिरमोर कुल 10 कोबरा बटालियन में से एक है।अपनी स्थापना के बाद से ही अपने अखंड समर्पण प्रतिबद्धता को त्याग से कई उपलब्धियां भी हासिल की है।
इस दौरान मुख्य अतिथि उपमहानिरीक्षक सीआरपीएफ विमल कुमार बिष्ट ने बताया कि 205 कोबरा बटालियन की उपलब्धियों में एक कृति चक्र 3 शौर्य चक्र और अनगिनत वीरता पदक शामिल है। अपनी स्थापना के बीते 14 वर्षों में इस बटालियन ने छह बार सर्वोत्तम कोबरा बटालियन का पुरस्कार जीता है।जो सभी कोबरा बटालियन में सर्वाधिक है। और इसमें वर्ष 2022 के लिए सर्वोत्तम कोबरा बटालियन के ट्रॉफी भी शामिल है जो इस वर्ष मार्च के महीने में भारत के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बटालियन के कमांडेंट श्री कैलाश को प्रदान की थी।
अपने सतत परिश्रम से सफलता के नित्य नए प्रतिमान करती इस बटालियन के 15 में स्थापना दिवस के अवसर पर विगत 1 सप्ताह से विभिन्न कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जैसे वृक्षारोपण अंतर कंपनी वॉलीबॉल प्रतियोगिता टेबल टेनिस, रस्साकशी,बैडमिंटन, महिलाओं और बच्चों के लिए रंगोली, चित्रकला,फैंसी, ड्रेस इत्यादि कार्यक्रम आयोजित किए गए थे।
अंत में 205 कोबरा के कमांडेंट श्री कैलाश ने सभी जवानों और अधिकारियों को उनके समर्पण और अथक परिश्रम के लिए धन्यवाद देते हुए, बटालियन के द्वारा भविष्य में नित्य नए कीर्तिमान बनाने हेतु सभी को कृत संकल्पित होकर प्रयास करते रहने का संदेश दिया।











Leave a Reply