रॉकी दूबे, ओबरा
फेसर स्थित बसडीहा गांव में एशियन हेरिटेज पब्लिक स्कूल का चौथा वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान बच्चों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में एएसपी अभियान मुकेश कुमार एवं फेसर थानाध्यक्ष डॉ. रामविलास प्रसाद यादव ने संयुक्त रूप से फीता काट और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत के साथ किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने लुंगी डांस, सोलो सांग, चंदा चमके, फनी गर्ल्स डांस जैसे गाने की बेहतरीन प्रस्तुति कर उपस्थित लोगों को मुग्ध कर दिया। विद्यालय के प्रबंधक इरफान इमाम उर्फ बब्लू कुमार ने वार्षिक रिपोर्ट अभिभावकों के सामने रखी और मेधावियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में पढ़ रहे बच्चों को विश्वस्तरीय एजुकेशन देने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। प्रोजेक्ट सहित अन्य उपकरण के माध्यम से उनकी पढ़ाई कराई जा रही है। यही कारण है कि तेजी से इन बच्चों में सुधार हो रहा है। उन्होंने बताया कि बच्चे जब किसी चीज को देखकर एवं सुनकर पढ़ते हैं तो उसका परिणाम अलग ही होता है। इस अवसर पर, धीरज कुमार, अनीश कुमार, अभिषेक तिवारी सहित काफी संख्या में विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।











Leave a Reply